राज्य
30-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सुनियो योजना के तहत करदाता बिना किसी ब्याज और जुर्माने के अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकते हैं। 1 मार्च 2026 तक 1,87,425 करदाताओं ने इस योजना का लाभ उठाया। अगर राजधानी दिल्ली में आपकी संपत्ति है और अब तक आपने अपने बकाया संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया है तो, जल्दी करें क्योंकि बिना ब्याज-जुर्माने के संपत्ति कर जमा करने का यह आखिरी मौका है। दिल्ली नगर निगम की संपत्ति कर योजना सुनियो के तहत बिना ब्याज-जुर्माने के कर जमा करने की अंतिम तारीख 31 मार्च को समाप्त हो रही है। ऐसे में निगम ने सभी योग्य संपत्ति मालिकों और कब्जाधारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने बकाया कर का निपटान समय रहते कर लें। सुनियो योजना के तहत करदाता बिना किसी ब्याज और जुर्माने के अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 31 मार्च 2026 के बाद इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। ऐसे में यह करदाताओं के लिए अंतिम अवसर साबित हो सकता है। करदाताओं को राहत देते हुए निगम की तरफ से बताया गया कि विलंब शुल्क की दर में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसे पूर्व में विस्तारित अवधि यानी फरवरी माह में लागू 5 प्रतिशत की दर के समान ही रखा गया है। इससे करदाताओं पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च 2026 तक 1,87,425 करदाताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है। इनसे कुल 1089.97 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा हुआ है। इनमें 1,34,666 आवासीय संपत्तियों से 211.44 करोड़ रुपये और 52,759 गैर-आवासीय संपत्तियों से 878.52 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ है। यह दर्शाता है कि योजना को व्यापक समर्थन मिल रहा है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/मार्च/2026