राष्ट्रीय
30-Mar-2026
...


-बोले- बिहार की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया उसके लिए वे हमेशा कृतज्ञ रहेंगे पटना,(ईएमएस)। बिहार में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को विधानसभा के स्पीकर प्रेम कुमार ने स्वीकार कर लिया है। उनके साथ ही सीएम नीतीश कुमार ने भी बिहार विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी है। दोनों नेता हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। नितिन नबीन बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक थे। वे लगातार पांच बार इसी सीट से जीतते हैं। दो हफ्ते पहले उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया था। अब राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। एक्स पर पोस्ट में नबीन ने लिखा- पिछले 20 साल से वे बांकीपुर को अपने स्वर्गीय पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के सपनों के मुताबिक आगे बढ़ाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया उसके लिए वे हमेशा कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि नई भूमिका में भी बांकीपुर और बिहार के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता वैसी ही बनी रहेगी। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी सोमवार को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वे 16 मार्च को राज्यसभा के लिए चुने गए थे। एक व्यक्ति एक साथ दोनों सदनों का सदस्य नहीं रह सकता इसलिए राज्यसभा में जाने के बाद विधान परिषद छोड़ना जरूरी था। अब बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होगा जो बिहार की राजनीति में दिलचस्प होगा क्योंकि यह सीट नबीन परिवार का गढ़ मानी जाती है। सिराज/ईएमएस 30मार्च26