- पुलिस और किन्नर प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बनी आपसी सहमति - रहवासियों ने नशीले पदार्थों की बिक्री और होटलों में अनैतिक कार्यों पर जताई चिंता :: इंदौर (ईएमएस)। निपानिया और पीपलियाकुमार क्षेत्र की कॉलोनियों में कानून-व्यवस्था और नेक के नाम पर वसूली को लेकर रविवार रात तुलसी नगर में रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड 36 एवं 37 रहवासी महासंघ के बैनर तले आयोजित इस विशेष बैठक में लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी और किन्नर समुदाय के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। रहवासियों ने आरोप लगाया कि मांगलिक अवसरों पर किन्नर समुदाय के कुछ सदस्य 51 हजार से एक लाख रुपये तक की मांग कर अभद्रता और मानसिक दबाव बना रहे हैं, जिससे क्षेत्र की महिलाओं में असुरक्षा और भय का माहौल है। बैठक में काजल गुरु किन्नर ग्रुप के प्रतिनिधियों ने हालिया विवादित घटनाओं पर खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में मर्यादा बनाए रखने का आश्वासन दिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब से नेक के नाम पर कोई जबरदस्ती नहीं होगी और रहवासी अपनी स्वेच्छा व सामर्थ्य अनुसार जो राशि देंगे, उसे सहर्ष स्वीकार किया जाएगा। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि परंपरा के नाम पर अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, रहवासियों ने क्षेत्र के अवैध हॉस्टलों, होटलों में संचालित अनैतिक गतिविधियों और बीसीएम पैराडाइज चौराहे पर प्रतिबंधित ड्रग्स की अवैध बिक्री पर गहरी चिंता जताई। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इन आपराधिक ठिकानों पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है, जिस पर थाना प्रभारी द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। बैठक में के.के. झा, राजेश तोमर, संदीप जोशी और पार्षद प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रकाश/30 मार्च 2026