इन्दौर (ईएमएस) आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा संदिग्धावस्था में अपने घर में फांसी के फंदे पर मिली। परिजनों के अनुसार वह झूला झूल रही थी शायद इस दौरान ही उसके गले में फंदा लगा और उसकी मौत हो गई। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र का है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक नाबालिग बालिका का नाम मनीषा उर्फ माही कुशवाह निवासी संयोग नगर है। पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मनीषा घर में साड़ी का झूला बनाकर झूल रही थी इस दौरान गले में साड़ी का फंदा कसा गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई होगी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसके चलते पुलिस भी परिजनों के अनुसार इसे एक हादसा मान रही है हालांकि पुलिस अन्य एंगल से भी जांच कर रही है। आनंद पुरोहित/ 30 मार्च 2026