- 5 अप्रैल से शुरू होगा विराट महोत्सव, जुटेंगे लाखों श्रद्धालु :: इंदौर (ईएमएस)। ग्राम पिपलिया लोहार स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर परिसर में आगामी विराट हनुमंत मेला और भू-समाधि साधना की तैयारियों ने अब पूर्ण गति पकड़ ली है। इसी पावन श्रृंखला में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ भू-समाधि स्थल का भूमि पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट आस्था प्रकट की। इस पूजन के साथ ही 10 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव का आधार स्तंभ तैयार हो गया है, जहाँ तपोनिष्ठ महामंडलेश्वर राजगुरु महाराज आगामी 10 अप्रैल से तीन दिवसीय कठिन भू-समाधि साधना करेंगे। महाराज ने इस साधना को व्यक्तिगत सिद्धि के स्थान पर राष्ट्र कल्याण और विश्व शांति के लिए समर्पित संकल्प बताया है। 5 से 15 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस विराट समागम में श्रीमद्भागवत कथा, अखंड हनुमान चालीसा पाठ, अखंड धूना और रुद्राक्ष वितरण जैसे दिव्य अनुष्ठान होंगे। आयोजन का सामाजिक पक्ष भी अत्यंत सशक्त है, जिसके तहत 14 अप्रैल को सर्व समाज निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे। आयोजन समिति के अनुसार, इस आध्यात्मिक महायज्ञ में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसके लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रकाश/30 मार्च 2026