- राजवाड़ा से भंवरकुआं तक अवैध पार्किंग पर प्रहार, व्यापारियों और नागरिकों ने की पुलिस की सराहना :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा विशेष अभियान रंग लाने लगा है। 19 फरवरी से शुरू हुए इस अभियान के तहत यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने शहर के व्यस्ततम बाजारों और मुख्य मार्गों से अवैध पार्किंग का सफाया कर दिया है। पिछले एक माह (19 फरवरी से 26 मार्च) की कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 4636 वाहन चालकों के विरुद्ध व्हील लॉक लगाकर वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि हजारों वाहनों को समझाइश देकर मौके से हटवाया गया। यातायात पुलिस के चारों जोन में सक्रिय इन टीमों ने राजवाड़ा, जवाहर मार्ग, सपना-संगीता, विजय नगर, पलासिया और बाणगंगा जैसे उच्च दबाव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा और क्रेन जैसे आधुनिक उपकरणों से लैस ये टीमें पहले वाहन चालकों को एनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी देती हैं, जिसके बाद भी उल्लंघन जारी रहने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इस सख्ती का सकारात्मक असर शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दिखने लगा है, जहाँ अब मार्ग पहले की तुलना में अधिक चौड़े और सुगम नजर आ रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिकारी न केवल सड़कों पर कार्रवाई कर रहे हैं, बल्कि व्यापारियों और रहवासियों के साथ निरंतर बैठकें कर उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। जिम्मेदार नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है, जिससे आम जनता को जाम से बड़ी राहत मिली है। इंदौर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए यह विशेष पेट्रोलिंग और सख्ती का अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। प्रकाश/30 मार्च 2026