गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर प्रदर्शन, पुतला दहन कर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी बालाघाट (ईएमएस). बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गैस सिलेंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से नाराज कार्यकर्ताओं ने सडक़ पर उतरकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। सोमवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा जिला मुख्यालय पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश प्रकट किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है, लेकिन सरकार गहरी नींद में है। रसोई गैस के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमी और बढ़ती कीमतों ने आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी समस्याओं को सुलझाने के बजाय केवल दावे और विज्ञापनों के सहारे अपनी नाकामी छिपा रही है। कांग्रेस नेता जीतू बर्वे ने भी महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों और बिजली बिलों ने लोगों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। साथ ही पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और आम जनता को राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। भानेश साकुरे / 30 मार्च 2026