जगदलपुर (ईएमएस)। बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स ने न केवल खेल कौशल के प्रदर्शन का मंच दिया है, बल्कि अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से देशभर से आए खिलाड़ियों और कोचों का मन भी मोह लिया है। इस भव्य आयोजन के बीच मध्य प्रदेश की टीम ने यहाँ के आतिथ्य और सुविधाओं को लेकर अपनी बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया साझा की है। मध्यप्रदेश टीम के कोच राहुल गुर्जर ने स्थानीय प्रशासन और खेल प्रबंधन की सराहना करते हुए बताया कि जगदलपुर में उनके ठहरने से लेकर परिवहन तक के सभी इंतजाम विश्व स्तरीय हैं। उन्होंने विशेष रूप से खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई अलग बस सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे खेल मैदान तक आने-जाने में टीम को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। राहुल के अनुसार देवांश होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था और वहाँ मिल रही सुविधाएं खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि जम्मू और कश्मीर के खिलाड़ियों के साथ एक ही स्थान पर ठहरने और संवाद करने से खेल भावना और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा मिल रहा है। वहीं, टीम की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. इशिता डाले ने भी आयोजन के प्रबंधन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जगदलपुर जैसे खूबसूरत शहर में खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और खान-पान का जिस तरह से ध्यान रखा जा रहा है, वह काबिले तारीफ है। डॉ. डाले के अनुसार, आवास और भोजन की गुणवत्ता इतनी अच्छी है कि खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने में कोई बाधा नहीं आ रही है। उन्होंने जगदलपुर के शांत और सुहावने वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपने पेशे और जुनून को इतने व्यवस्थित परिवेश में आगे बढ़ाना उनके लिए एक सुखद अनुभव है। मध्यप्रदेश की टीम की यह प्रतिक्रिया दर्शाती है कि बस्तर का खेल मैदान न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को निखारने का केंद्र बन रहा है, बल्कि अपनी शानदार मेजबानी से अतिथि देवो भवरू की परंपरा को भी चरितार्थ कर रहा है। प्रशासन द्वारा की गई इन बारीकी भरी व्यवस्थाओं ने खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच प्रदान किया है जहाँ वे बिना किसी तनाव के अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा सकें। सुधीर जैन/चंद्राकर/30 मार्च 2026