राज्य
30-Mar-2026
...


:: मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से 257 औद्योगिक इकाइयों को अंतरित की 169 करोड़ की प्रोत्साहन राशि :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश देश के सर्वाधिक सशक्त और बेहतर वित्तीय प्रबंधन वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार प्रदेश के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में समर्थ एमएसएमई विकसित मध्यप्रदेश थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 257 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के खातों में 169.57 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेश के लिए प्रदेश के दरवाजे पूरी दुनिया के लिए खुले हैं और सरकार अपनी उद्योग मित्र नीतियों के साथ निवेशकों के स्वागत के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप्स के लिए 28 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि की प्रथम किश्त जारी की। साथ ही, बैतूल और आगर-मालवा के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि आवंटन-पत्र प्रदान किए गए और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत हितलाभ वितरित किए गए। इस मौके पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मुख्यमंत्री को लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रुपये के अंतरिम लाभांश का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च क्लोजिंग के समय उद्यमियों को यह सहायता प्रदान करना नए वित्तीय वर्ष के लिए एक सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत उनके मार्गदर्शन में सुरक्षित और प्रगतिशील है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए पूंजी और भूमि आवंटन की प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री की सक्रियता से प्रदेश कृषि, उद्योग और रोजगार के हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। :: देश के प्रमुख स्टार्टअप राज्य के रूप में उभरा मध्य प्रदेश :: विभागीय प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में 7100 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं और मध्य प्रदेश देश के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 25 औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य जारी हैं और 6 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्थाओं के कारण भूमि आवंटन की प्रक्रिया में भी काफी तेजी आई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमी, एमएसएमई संचालक और स्टार्टअप प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रकाश/30 मार्च 2026