राज्य
30-Mar-2026
...


धार/इंदौर (ईएमएस)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) धामनोद के विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने के लिए मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 132 केवी सब-स्टेशन जैतापुरा-पलासिया का औद्योगिक भ्रमण किया। कार्यपालन अभियंता विनीता भावसार के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्युत पारेषण (ट्रांसमिशन) की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अति उच्च दाब विद्युत पारेषण की प्रक्रिया, ट्रांसफॉर्मरों की भूमिका और नियंत्रण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। सब-स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता आत्माराम पटेल ने विद्यार्थियों को पावर ट्रांसफॉर्मर, सर्किट ब्रेकर और आइसोलेटर जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के संचालन की जानकारी दी। साथ ही, कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली विद्युत सुरक्षा सावधानियों और तकनीकी मानकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से तकनीकी पहलुओं पर संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। संस्थान के प्राध्यापकों के अनुसार, इस प्रकार के व्यावहारिक अनुभवों से विद्यार्थियों के कौशल में वृद्धि होती है और उन्हें भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद मिलती है। प्रकाश/30 मार्च 2026