धार/इंदौर (ईएमएस)। धार वन मण्डल ने लकड़ी तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए रविवार रात्रि एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। वन मण्डल अधिकारी विजयानंथम टी. आर. के मार्गदर्शन में बगड़ी फाटे मार्ग के पास घेराबंदी कर अवैध खेर की लकड़ी से भरा एक वाहन (MP 09 GF 7906) जब्त किया गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन सयदे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गठित चेकिंग दल ने संदिग्ध वाहन को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें लगभग 2 क्विंटल खेर की लकड़ी भरी पाई गई। वाहन चालक मुस्ताक और उसके साथी सादिक (दोनों निवासी ग्राम अंतराय) लकड़ी कटाई या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी और वाहन को अपनी कस्टडी में ले लिया है। जब्त लकड़ी का बाजार मूल्य लगभग 30 हजार रुपये और वाहन की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में जितेंद्र गौड, रामसिंह कनेल, महेन्द्र डामरे, नर्गेश चौहान और प्रिया सिंह सहित वन स्टाफ का उल्लेखनीय योगदान रहा। फिलहाल मामले में विस्तृत जांच जारी है। प्रकाश/30 मार्च 2026