राज्य
30-Mar-2026


* 20 साल में 20 “पाप” गिनाए – सड़कों से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और टैक्स तक हर मोर्चे पर विफलता का आरोप अहमदाबाद (ईएमएस)| स्थानीय स्वराज्य की चुनाव प्रक्रिया से पहले अहमदाबाद शहर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ “तहमतनामा” (आरोपपत्र) प्रस्तुत किया। “भाजपाप” यानी भाजपा के पापों की पोटली जारी करते हुए विधानसभा में विपक्ष के उपनेता शैलेष परमार ने कहा कि राज्य में भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” कमिशन, कटकी और घोटालों पर आधारित है, जिसके कारण अहमदाबाद के नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के 20 वर्षों के शासन में 20 बड़े “पाप” सामने आए हैं, जिनमें बेलगाम भ्रष्टाचार, हर वर्ष बारिश में सड़कों का स्विमिंग पूल बन जाना, नलों में पानी के बजाय गटर का पानी आना और बिना योजना के विकास के कारण ट्रैफिक जाम जैसी गंभीर समस्याएं शामिल हैं। रिवरफ्रंट पर गगनचुंबी इमारतों के वादे करने वाली भाजपा के कार्यकाल में केवल एक ही इमारत बनी है, जो निगम का कार्यालय है, जहां कमिश्नर बैठते हैं। पहले निगम कार्यालय शहर के बीच स्थित था, लेकिन नई जगह पर स्थानांतरण के कारण आम नागरिकों के लिए कमिश्नर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई एसवीपी अस्पताल अमीरों के लिए अधिक उपयोगी बन गई है, जबकि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। खारीकट नहर के विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। हाटकेश्वर ब्रिज का निर्माण और फिर उसे तोड़ने में जनता के करोड़ों रुपये बर्बाद हुए हैं। अहमदाबाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनल पटेल ने कहा कि भारी बजट होने के बावजूद भाजपा सरकार नागरिकों को पानी, गटर और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। लगातार टैक्स बढ़ाकर नागरिकों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्मशान गृह में लकड़ी खरीद में भी भ्रष्टाचार हुआ और टायर व गद्दों से शव जलाए गए, जिससे मानवीय संवेदनाओं को ठेस पहुंची। पूर्व मेयर और पूर्व विधायक हिम्मतसिंह पटेल ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में भाजपा ने विकास के नाम पर केवल विनाश और भ्रष्टाचार किया है। जनता के टैक्स का पैसा भ्रष्ट नेताओं और ठेकेदारों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद अब “स्मार्ट सिटी” नहीं बल्कि “स्विमिंग सिटी” और “खड्डों की राजधानी” बन गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वी.एस. अस्पताल को खंडहर बना दिया गया है ताकि निजी अस्पतालों को फायदा हो सके, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। नगर निगम स्कूलों को जानबूझकर कमजोर कर निजी शिक्षा माफियाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे गरीब बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। यह “भाजपाप” आरोपपत्र अहमदाबाद सहित राजकोट, भावनगर, वडोदरा, सूरत और जामनगर जैसे छह महानगरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जारी किया गया, जिसमें सभी नगर निगमों की प्रमुख समस्याओं को उजागर किया गया। सतीश/30 मार्च