समर वैली स्कूल में विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन देहरादून (ईएमएस)। समर वैली स्कूल में एक विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रख्यात सैन्य विशेषज्ञ, प्रशिक्षक एवं प्रेरक वक्ता रिटायर्ड मेजर जनरल पीके सहगल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए नेतृत्व, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका और बातचीत जो प्रेरित करती है विषय पर आधारित अत्यंत प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। मेजर जनरल सहगल एक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हैं। वह पायलट, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक और रक्षा विशेषज्ञ के रूप में विख्यात हैं। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्य पुस्तक नहीं पढ़ाता, बल्कि वह राष्ट्र का भविष्य गढ़ता है। एक शिक्षक ही हजारों बच्चों का जीवन बदल सकता है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को केवल स्कूल गीत और प्रार्थना ही नहीं, बल्कि भगत सिंह जैसे महान नायकों की प्रेरक कहानियां भी सुनानी चाहिए, ताकि बच्चों में देशभक्ति, साहस और चरित्र का निर्माण हो सके। इस अवसर पर कक्षा नौ और कक्षा 12 को विद्यार्थियों के जीवन का महत्त्वपूर्ण मोड़ बताते हुए मेजर जनरल ने कहा कि इस समय सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक होता है। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल इंजीनियरिंग और मेडिकल तक सीमित न रखकर अन्य व्यापक क्षेत्रों और रोजगार के विविध अवसरों के बारे में भी बताया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा का सबसे बड़ा उद्देश्य बच्चों को पहले एक अच्छा इंसान बनाना होना चाहिए, क्योंकि अच्छा इंसान ही आगे चलकर अच्छा नागरिक और राष्ट्र निर्माता बनता है। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/30 मार्च 2026