जबलपुर, (ईएमएस)। माढ़ोताल थानान्तर्गत कृषि उपजमंडी परिसर स्थित एक बारदाना दुकान में कल शाम आग लग गयी देखते-देखते आग ने चंद पलो में विकराल रूप ले लिया इस दौरान दुकान से चौतरफा उठी लपटों से व्यापारियो में हड़कंप मच गया। दुकान संचालक की सूचना पर पहुंचे पांच दमकल वाहनों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्नि हादसे में 50 हजार रूपए की क्षति का अनुमान हैं वही आग लगने का कारण अज्ञात है। घटना के संबंध में दमकल विभाग ने बताया कि कल शाम लगभग साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि कृषि उपजमंडी स्थित एक बारदाना दुकान में आग लग गयी है। आग का दायरा बढ़ने पर 5 दमकल वाहन भेजे गये। दमकल वाहनों में तैनात अग्नि शमन कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हादसे में दुकान में रखे बारदाने जलकर खाक हो गये हैं। बारदाना दुकान के संचालक राजेश अग्रवाल ने बताया कि अग्नि हादसे में बारदाना जलने से 50 हजार रूपए की आर्थिक क्षति का अनुमान है। वहीं आग लगने की वजह फिलहाल अज्ञात बतायी गई है। यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो आग का दायरा आसपास मौजूद दुकानों तक बढ़ सकता था। सुनील साहू / मोनिका / 31 मार्च 2026