-मोहाली पुलिस की कार्रवाई, 13 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप मोहाली,(ईएमएस)। पंजाब में करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार सोमन उर्फ रॉकी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक रियल एस्टेट कारोबारी से 13 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी बलजीत कौर और सहयोगी बिक्रम सूरी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, राकेश कुमार सोमन राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान उसे बहुजन समाज पार्टी से उम्मीदवार घोषित किया गया था, हालांकि बाद में वह आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गया। पीड़ित कारोबारी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे डराया-धमकाया। शिकायत में कहा गया है कि राकेश सोमन ने गैंगस्टरों से संबंध होने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर रकम ऐंठी। मोहाली पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह एक अन्य मामले में अदालत में पेशी के लिए आया हुआ था। पुलिस ने जैसे ही उसे पकड़ने की कोशिश की, वह मौके से फरार होने लगा, लेकिन पीछा कर उसे कुछ दूरी पर काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वास भंग और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। हिदायत/ईएमएस 31मार्च26