डॉ. बलबीर सिंह का दावा- 1.72 लाख मरीजों को मिला लाभ, 292 करोड़ का इलाज हुआ चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब में 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि विपक्ष इस योजना के बारे में जानबूझकर गलत प्रचार कर रहा है और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने दावा करते हुए कहा कि कुछ विपक्षी नेता गैर-सूचीबद्ध अस्पतालों की घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, ताकि योजना को असफल साबित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत केवल सूचीबद्ध (एम्पैनल्ड) अस्पतालों में ही इलाज की सुविधा उपलब्ध है। डॉ. बलबीर सिंह ने प्रताप सिंह बाजवा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उसमें दिखाया गया अमृतसर का ‘शूर हॉस्पिटल’ इस योजना के तहत पंजीकृत नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य में 600 से अधिक निजी अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं और लाभ केवल इन्हीं संस्थानों में मिलता है। स्वास्थ्य मंत्री सिंह ने कहा कि तथ्यों की जांच किए बिना इस तरह की सामग्री साझा करना गैर-जिम्मेदाराना है, जिससे जनता में भ्रम और भय पैदा होता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पतालों का योजना में शामिल होना स्वैच्छिक प्रक्रिया है, जैसा कि आयुष्मान भारत योजना में भी देखा जाता है। सरकार के मुताबिक, अब तक 1.72 लाख से अधिक मरीज इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और करीब 292 करोड़ रुपये का इलाज किया जा चुका है। इसमें दिल की सर्जरी, ब्रेन ऑपरेशन, जॉइंट रिप्लेसमेंट और आपातकालीन दुर्घटना उपचार जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं, आप के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल, हरसिमरत कौर बादल और राजा वड़िंग जैसे नेताओं की प्रशासनिक समझ पर सवाल उठाए। धालीवाल ने कहा कि वर्षों तक उच्च पदों पर रहने के बावजूद ये नेता सरकारी योजनाओं के बुनियादी ढांचे को समझने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 31मार्च26