(पटना) बिहार सरकार नालंदा शीतला माता मंदिर भगदड़ मामले में मृतक के परिजनों को देगी 6-6 लाख रुपया अनुग्रह अनुदान पटना, (ईएमएस)। बिहार के नालंदा जिले के शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह हुई भगदड़ की घटना में अब तक आठ लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उधर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है। वहीं पुलिस और प्रशासन यह पता लगा रही है कि भगदड़ कैसे शुरू हुई। चूँकि हर सप्ताह मंगलवार के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण इस बार बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। मंदिर के पास लगे मेले और भीड़ प्रबंधन में संभावित लापरवाही को घटना की एक वजह माना जा रहा है। संतोष झा-३१ मार्च/२०२६/ईएमएस