- भूपेश बघेल ने अमित शाह को दी बहस की चुनौती, सीएम साय का पलटवार रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ समेत देश से नक्सलवाद समाप्त होने के दावों के बीच सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान नक्सल समस्या से निपटने में केंद्र की भाजपा सरकार को पूरा सहयोग दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में चर्चा के दौरान अमित शाह द्वारा सहयोग नहीं मिलने की बात कहना गलत है। बघेल के मुताबिक उनकी सरकार ने जोखिम उठाकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य किए। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31 मार्च को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि जवानों के साहस से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक विकास में बाधक रहा और अब बस्तर क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ेगा। सीएम साय ने भूपेश बघेल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह बयान असत्य है और अपनी कमजोरियों को छुपाने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद हुई समीक्षा में पाया गया था कि देश के 75 फीसदी नक्सल प्रभावित क्षेत्र छत्तीसगढ़ में ही थे। झीरम घाटी मामले को लेकर भी सीएम साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार न तो जांच पूरी कर पाई और न ही सबूत सामने ला सकी। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के नक्सल मुद्दे पर दिए गए बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)31 मार्च 2026