राष्ट्रीय
31-Mar-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल आखिर किसको हिसाब चुकाने की चेतावनी दे रहे हैं? बिना नाम लिए और कोई संकेत दिए केजरीवाल ने कहा कि जुल्म इतना ही करना चाहिए जितना खुद सह सकते हैं। पूर्व सीएम ने लिखा, ‘दौर बदलने पर हिसाब तुम भी चुकाना होगा। बात दें कि केजरीवाल इस तरह के तीखे हमले हमेशा मोदी सरकार के खिलाफ करते हैं। लेकिन राजनीतिक जानकार इस बात से हैरान हैं कि केजरीवाल का निशाना यदि केंद्र पर है, तब उन्होंने नाम लेने या इशारा करने से परहेज क्यों किया? केजरीवाल के पोस्ट पर एक्स पर चर्चा छिड़ गई। कुछ ही देर में सैकड़ों यूजर्स ने कॉमेंट किए। कई लोगों ने दिल्ली के पूर्व सीएम से पूछा कि आखिर वह किसको ऐसा संदेश देना चाहते हैं। वहीं, कई ने उनके शायराना अंदाज की तारीफ भी की। केजरीवाल ने इशारों में यह तीखा हमला तब किया है, जब उनके और केंद्रीय जांच एजेंसियों के बीच कानूनी जंग तेज हो चुकी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में समन जारी किए जाने के बावजूद जांच एजेंसी के समक्ष पेश न होने को लेकर दर्ज दो अलग-अलग मामलों में आरोप मुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय का रुख किया। निचली अदालत के 22 जनवरी के फैसले के खिलाफ ईडी की अपील पर बुधवार को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा के समक्ष सुनवाई होनी है। ईडी का आरोप है कि केजरीवाल ने जानबूझकर समन पर अमल नहीं किया और जांच में शामिल नहीं हुए। उसका कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने बेबुनियाद आपत्तियां उठाईं और जानबूझकर ऐसी दलीलें पेश कीं कि उन्हें जांच में शामिल न होना पड़े। निचली अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि ईडी यह साबित करने में विफल रही है कि केजरीवाल ने जानबूझकर उन्हें जारी किए गए समन का उल्लंघन किया। आशीष दुबे / 31 मार्च 2026