तेजपुर,(ईएमएस)। असम के तेजपुर में चुनावी रैली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर राज्य की उपेक्षा करने और उसके साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की आगामी विधानसभा चुनावों में जीत पर विश्वास जताया। केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह ने असम की सांस्कृतिक और प्राकृतिक समृद्धि की तारीफ कर कहा कि यह भूमि न केवल चाय के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह वीरता और साहस की भूमि भी है। उन्होंने असम के महान नायक लचित बोरफुकन और अन्य वीरों का जिक्र कर कहा कि असमवासियों की बहादुरी और जज्बे के कारण भाजपा सरकार का गठन अवरुद्ध नहीं किया जा सकता। उन्होंने भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर देकर कहा कि पार्टी असम की संस्कृति और पहचान की रक्षा करना चाहती है। उन्होंने बताया कि हिमंता शर्मा के नेतृत्व में राज्य में दो-इंजन वाली सरकार काम कर रही है, जिससे असम ने देश में विशिष्ट पहचान बनाई है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने कांग्रेस शासन पर कटाक्ष कर कहा कि पार्टी ने हमेशा असम की उपेक्षा की और कुशासन के कारण राज्य की चर्चा उग्रवाद, गरीबी और अशांति के लिए होती रही। रक्षा मंत्री सिंह ने विकास पर जोर देकर बताया कि अब असम में भूखमरी और उग्रवाद की बजाय विकास और समृद्धि की बातें होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सीमावर्ती गांवों को पिछड़े गांव की श्रेणी से निकालकर “देश के पहले गांव” का दर्जा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर का 30 बार दौरा किया, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान इस क्षेत्र का दौरा बहुत कम होता था। रक्षा मंत्री सिंह के अनुसार, भाजपा ने असम की समृद्धि, सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं और राज्य में विकास और शांति का माहौल बनाने में सफलता प्राप्त की है। आशीष दुबे / 31 मार्च 2026