राज्य
31-Mar-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के नालंदा स्थित श्री शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में श्रद्धालुओं का निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने माँ शीतला देवी से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह नालंदा में शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें आठ महिलाएं शामिल हैं। अधिकांश की मौत भीड़ में दबने से मौके पर ही हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है तथा घायलों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। जितेन्द्र 31 मार्च 2026