राष्ट्रीय
31-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वी.के. जोशी की गोली लगने से हुई मौत पर गहरी चिंता जताकर उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती हैं कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि जो लोग देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करते हैं, वे ही आज अपने शहरों में सुरक्षित नहीं हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने राज्य की धामी सरकार पर निशाना साधकर आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आम जन भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। राहुल गांधी के अनुसार, कभी शांति और सुरक्षा के लिए पहचाने जाने वाला उत्तराखंड अब हिंसा, हत्या और असुरक्षा के साये में घिर गया है। इस घटना पर गणेश गोदियाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को न केवल दुखद, बल्कि राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत बताया। गोदियाल ने कहा कि देहरादून और उत्तराखंड पहले सुरक्षित क्षेत्रों के रूप में जाने जाते थे, लेकिन अब अपराध बढ़ने से यह छवि कमजोर हो रही है। उन्होंने राजपुर क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों और प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। जानकारी के अनुसार, देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में ब्रिगेडियर जोशी को उस समय गोली लगी जब वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस घटना ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर बहस तेज कर दी है और सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की जा रही है, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बहाल की जा सके। आशीष दुबे / 31 मार्च 2026