राष्ट्रीय
31-Mar-2026


विधायक जी के वेयरहाउस के बाहर ट्राली में गेहूं लेकर पहुंचे रहे किसान भोपाल,(ईएमएस)। भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में गेहूं खरीदी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर मोहन सरकार बारदाने (बोरियों) की कमी का हवाला देकर खरीदी की तारीख आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर भोपाल के बैरसिया इलाके में भाजपा विधायक विष्णु खत्री के भागवती वेयरहाउस में खरीदी शुरू होने से पहले ही गेहूं का भंडारण होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बैरसिया रोड स्थित यह वेयरहाउस इस बार सरकारी खरीदी केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। किसानों को ट्रॉली में गेहूं लाने के लिए कहा गया और तौल के बाद विधायक जी के वेयरहाउस में स्टोर भी किया गया। सूत्रों का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी संबंधित अधिकारियों को थी, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। उल्लेखनीय है कि पूरे भोपाल जिले में कुल 93 गेहूं खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इस मामले में विधायक विष्णु खत्री ने सफाई देकर कहा कि यह वेयरहाउस उनका है और उसमें रखा गेहूं उनका तथा आसपास के किसानों का है। उनका कहना है कि बारिश से बचाव के लिए यह व्यवस्था की गई है और कुछ लोग उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। वेयरहाउस परिसर में दो अलग-अलग गोदाम हैं। इनमें से एक पहले से ही पूरी तरह भरा हुआ पाया गया, जबकि दूसरे खाली गोदाम में भी पहले से गेहूं रखवा लिया गया था। खास बात यह है कि इस स्टोरेज के लिए बोरियों की व्यवस्था भी की गई, जबकि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में बारदाने की कमी बता चुकी है। इसी बीच, मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है। ईरान-इजराइल युद्ध के प्रभाव और बारदाने की कमी के चलते अब खरीदी 1 अप्रैल के बजाय 10 अप्रैल से शुरू होगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में 10 अप्रैल से तथा अन्य क्षेत्रों में 15 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ होगी। आशीष दुबे / 31 मार्च 2026