पटना, (ईएमएस)। बिहार के किशनगंज में पदस्थापित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) गौतम कुमार के छह ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने छापेमारी की और फिर उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज किया। बताया गया है कि ईओयू ने पूर्णिया, किशनगंज एवं पटना के उनके ठिकानों पर छापेमारी की है। ईओयू ने जो केस दर्ज किया है उसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार को अभियुक्त, पत्नी रूबी कश्यप, सास पूनम देवी एवं डीएसपी की महिला मित्र शगुफ्ता शमीम को सह अभियुक्त बनाया गया है। जांच में जानकारी मिली है की, डीएसपी ने महिला मित्र को भी धनवान बना दिया। दारोगा से पदोन्नति पाकर डीएसपी बने गौतम कुमार अपनी सेवा काल में अधिकांश समय तक पूर्णिया, अररिया, किशनगंज में पदस्थापित रहे हैं। इन पर आय से 60.27 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य पाए गए हैं। कोर्ट से तलाशी वारंट लेने के बाद गौतम कुमार के छह ठिकानों पर छापेमारी की गई। तलाशी में डीएसपी के विभिन्न ठिकानों से अकूत संपत्ति खरीदने की जानकारी मिली है। तलाशी के क्रम में 25 भूखंड से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही बीमा, निवेश से संबंधित कागजात भी मिले हैं। ईओयू के अनुसार पटना स्थित पैतृक मकान में तलाशी की कार्रवाई में चार भूखंड के दस्तावेज मिले हैं। डीएसपी गौतम कुमार के द्वारा सिलीगुड़ी में चाय बागान में निवेश, नोएडा-गुड़गांव में संपत्ति अर्जन के संबंध में जानकारी मिली है। जिस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय कोयला, शराब, इंट्री, लॉटरी माफियाओं एवं सुपारी तस्करों से मधुर संबंध होने की जानकारी मिली है। जिस पर आगे जांच की जायेगी। वहीं पूर्णिया स्थित मकान जो 3600 वर्ग फीट में बना है, चार मंजिला भव्य मकान बना है। जिसकी अनुमानित कीमत ढाई करोड़ है। तलाशी के क्रम में कीमती घड़ियां बरामद हुई है साथ ही क्रेटा और थार जैसी महंगी गाड़ियां भी मिली हैं। पटना में एक नर्सिंग होम खोलने से संबंधित नक्शा बरामद हुआ है, जिस पर आगे अनुसंधान किया जाएगा। गौतम कुमार के ससुराल में तलाशी क्रम में पत्नी रूबी कश्यप का स्वर्ण आभूषण एवं निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इतना ही नहीं उनकी महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के घर की तलाशी में उनके नाम पर खरीदे गए सात जमीन के कागजात, स्वर्ण आभूषण जिसका मूल्य लगभग 60 लाख है, बरामद किया गया है। शगुफ्ता शमीम के घर से डीएसपी गौतम कुमार द्वारा खरीदे गए स्वर्ण आभूषण की कई रसीद बरामद हुई है। इनके बैंक खाते में डीएसपी गौतम कुमार द्वारा नगद राशि जमा करने, ऑनलाइन रकम ट्रांसफर के साक्ष्य मिले हैं। सरकारी आवास में तलाशी के दौरान 1 लाख 37000 रूपये नगद मिले हैं। साथ ही निवेश से संबंधित कागजात बरामद हुए हैं। संतोष झा-३१ मार्च/२०२६/ईएमएस