रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक विषैला भारतीय नाग रिहायशी इलाके में दिखाई दिया। सांप को देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान तत्परता दिखाते हुए आरक्षक ठाकुर राम ने इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस, रायपुर की टीम को दी। कुछ ही समय में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। इस अभियान का नेतृत्व आदित्य ताम्रकार एवं आकाश सोनी ने किया। दोनों ने अत्यंत सावधानी और पेशेवर तरीके से नाग को सुरक्षित तरीके से पकड़ा, जिससे न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचा और न ही सर्प को कोई क्षति हुई। रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ को नियंत्रित करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, इसे नियंत्रित करने में स्थानीय युवाओं निखिल वर्मा एवं किशोर वर्मा ने सहयोग किया। उनके सहयोग से टीम को रेस्क्यू कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सका। रेस्क्यू के पश्चात भारतीय नाग को सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया कि सही समय पर दी गई सूचना, प्रशासन की तत्परता और प्रशिक्षित टीम के समन्वय से किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी समाधान संभव है। यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि मानव और वन्यजीव के बीच संतुलन बनाए रखना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। चंद्राकर/31 मार्च 2026