क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)।गुना जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण और उसके साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावी कार्यवाही की है। पिछले कुछ दिनों से चर्चा में रहे इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने न केवल अपहृत बालिका को राजस्थान के कोटा जिले से सुरक्षित बरामद किया, बल्कि मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में नाबालिगों के विरुद्ध घटित अपराधों पर की जा रही त्वरित कार्यवाहियों की कड़ी में इसे एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। विजयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोलुआ पठार से 24-25 मार्च की मध्यरात्रि को एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर 25 मार्च को पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, शुरुआती चार दिनों तक सुराग न मिलने के कारण परिजनों और स्थानीय समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में विजयपुर थाना प्रभारी रितुराज सिंह कुशवाह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस की इन टीमों ने गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, जयपुर और जैसलमेर सहित कई शहरों में खाक छानी। अंततः तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 30 मार्च को राजस्थान के कोटा से किशोरी को दस्तयाब कर लिया। बरामदगी के बाद जब पीड़िता के बयान दर्ज किए गए, तो मामला और भी गंभीर हो गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी परवेज पुत्र शराफत खान, निवासी ग्राम कोलुआ पठार उसे बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ दुष्कृत्य किया। इस आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M), पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं का इजाफा किया। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी परवेज को गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर पूर्व में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे और परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। लेकिन पुलिस की इस सफल घेराबंदी ने अब इन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया है। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी रितुराज सिंह कुशवाह, सउनि हरिचरण मीना, प्रधान आरक्षक लालचंद, आरक्षक अमित जाट, चंद्रभान, जगदीप तोमर, महिला आरक्षक जूली सिकरवार सहित सायबर सेल के आरक्षक कुलदीप यादव और भूपेंद्र खटीक की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, आरक्षक नीतेश पटेल और महिला आरक्षक खुशबू दांगी ने भी इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।- सीताराम नाटानी