कोलकाता (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के टेस्ट मुकाबले नागपुर, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद, चेन्नई में आयोजित किया जाना एक अच्छा संकेत है। गांगुली ने कहा कि देश में हर जगह मैचों का आयोजन होना अच्छा कदम है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस बार कोलकाता और मुंबई जैसे पारंपरिक केंद्रों की जगह पर अन्य स्थानों पर मुकाबले आयोजित किये हैं जिससे इन जगहों पर भी खेल ढ़ांचा बेहतर हो सके। ये मैच 21 जनवरी से 25 फरवरी तक नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। गांगुली बंगाल क्रिकेट बोर्ड (कैब) के प्रमुख भी हैं। उनका कहना है कि कैब प्रमुख होने के कारण ईडन गार्डंस पर ज्यादा से ज्यादा टेस्ट होना उनके लिए खुशी की बात होती है पर उन्हें यह देखकर भी खुशी होती है कि पारंपरिक प्रारूप के मैच गुवाहाटी और रांची जैसे नये केंद्रों पर रखे गये हैं। बीसीसीआई ने पिछले सप्ताह ही भारतीय क्रिकेट टीम के घरेलू सत्र की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार कोलकाता और मुंबई में टेस्ट मुकाबले नहीं रखे जाएंगे। गांगुली ने कहा, ईडन गार्डंस पर बड़े टेस्ट मैच होते देखना हमेशा अच्छा लगता है। कैब अध्यक्ष होने के कारण मैं चाहता हूं कि यहां टेस्ट मैच हों। उन्होंने कहा, हम सभी चाहते हैं कि कोलकाता में ज्यादा मैच हो पर हमें यह समझना भी जरूरी है कि दूसरे मैदानों पर भी मैच होने चाहिए। गुवाहाटी नवंबर 2025 में ही टेस्ट केंद्र बना और वहां एक साल के भीतर दूसरा टेस्ट होने जा रहा हैं। वहीं अहमदाबाद के स्टेडियम पर पिछले साल अक्टूबर में ही टेस्ट हुआ था। वहीं मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम पर आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में खेला गया था। बोर्ड के कैलेंडर के अनुसार कोलकाता में तीन जनवरी , 2027 और मुंबई में (9 जनवरी, 2027 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय रखे गये हैं। दिल्ली में इस साल 13 दिसंबर को श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय मैच भी होगा। उन्होंने कहा, पूरे भारत में अच्छे स्टेडियम है। इसलिए मुझे चेन्नई, गुवाहाटी और रांची में टेस्ट होते देखकर अच्छा लगता है। वहां सुविधायें काफी अच्छी है। वहीं पूर्व स्पिनर वेंकटपति राजू ने कहा, हमारे समय में कोलकाता, कानपुर, चेन्नई , दिल्ली और मुंबई में ही टेस्ट होते थे। उसका अपना आकर्षण था। इसलिए मुझे लगता है कि अब भी ऐसा ही होना चाहिए। गिरजा/ईएमएस 01 अप्रैल 2026