- सेंसेक्स 73,762.43 पर खुला और निफ्टी 22,899 के स्तर पर मुंबई (ईएमएस)। डोनाल्ड ट्रम्प के बयान के बाद कि अमेरिका-ईरान युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है, वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा, जहां बुधवार को बाजार जोरदार बढ़त के साथ खुला। अमेरिका-ईरान तनाव में कमी की उम्मीदों ने भारतीय शेयर बाजार को मजबूती दी। बुधवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 दोनों ही प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। सेंसेक्स 1814.88 अंकों की बढ़त के साथ 73,762.43 पर खुला, जबकि निफ्टी 567 अंकों की तेजी के साथ 22,899 के स्तर पर पहुंचा। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स करीब 1964 अंक चढ़कर 73,911.96 पर और निफ्टी 596 अंक बढ़कर 22,927.80 पर कारोबार करता दिखा। बाजार में यह तेजी व्यापक रही और लगभग सभी सेक्टर हरे निशान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जहां निफ्टी मिडकैप 100 में 3.30 फीसदी और स्मॉलकैप 100 में 3.61 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। सेक्टरवार प्रदर्शन में मीडिया, ऑटो, पीएसयू बैंक और मेटल इंडेक्स ने सबसे ज्यादा बढ़त हासिल की। निफ्टी50 के सभी शेयरों में तेजी देखने को मिली। ट्रेंट, बीईएल, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स और अदाणी एंटरप्राइजेज जैसे शेयर टॉप गेनर्स रहे। वहीं एचडीएफसी, कोल इंडिया और नेस्ले इंडिया में अपेक्षाकृत कम बढ़त दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया भू-राजनीतिक तनाव के कारण मार्च में बाजार में आई गिरावट के बाद यह सुधार सकारात्मक संकेत है। हालांकि, उन्होंने निवेशकों को अभी सतर्क रहने और मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों में ही निवेश करने की सलाह दी है। साथ ही, निफ्टी के 24,000 स्तर के ऊपर टिकने को आगे की स्थायी तेजी के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। सतीश मोरे/01अप्रेल ---