- सोना 1.51 लाख के पार, चांदी 2.39 लाख के करीब फिसली नई दिल्ली (ईएमएस)। कमोडिटी बाजार में बुधवार को सोने और चांदी के दामों में अलग-अलग रुख देखने को मिला। जहां सोना मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया, वहीं चांदी में गिरावट का दबाव बना रहा। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में यही ट्रेंड देखने को मिला। घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमतों में बुधवार को तेजी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का अप्रैल वायदा कॉन्ट्रैक्ट 666 रुपये की बढ़त के साथ 1,51,427 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,50,761 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट करीब 715 रुपये की मजबूती के साथ 1,51,476 रुपये पर कारोबार करता दिखा। दिन के दौरान सोने ने 1,51,870 रुपये का उच्च स्तर और 1,51,247 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल सोना 1,80,779 रुपये के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं चांदी के वायदा भाव में कमजोरी देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का मई कॉन्ट्रैक्ट 1,635 रुपये की गिरावट के साथ 2,39,257 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,40,892 रुपये था। कारोबार के दौरान चांदी करीब 1,286 रुपये टूटकर 2,39,606 रुपये के स्तर पर रही। इस दौरान इसने 2,40,300 रुपये का उच्च और 2,38,501 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा। कॉमेक्स पर सोना 4,676 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा। वहीं चांदी में गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 74.44 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई। सतीश मोरे/01अप्रेल ---