राज्य
01-Apr-2026


जबलपुर के ताला देवरी गांव की घटना, दो दर्जन लोग घायल जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर गोसलपुर थाना अंतर्गत ताला देवरी गांव में एक अंतिम संस्कार के दौरान अचानक मधुमिक्खयों ने हमला कर दिया जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। बताया जाता है कि ताला देवरी गांव के श्मशान घाट पर जब ग्रामीण एक व्यक्ति की अंतिम विदाई की रस्मों में जुटे थे, तभी मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जिससे अंतिम क्रिया का कार्य बीच में ही रुक गया। मधुमक्खियों के इस हमले में करीब 24 लोग घायल हुए हैं। लगभग 30 मिनट के पश्चात जब मधुमक्खियां वहां से हटीं, तब ग्रामीण धीरे-धीरे वापस लौटे और तब कहीं स्थिति सामान्य होने पर विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को संपन्न कराया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोग उपचार के लिए पनागर, गोसलपुर और सिहोरा के अस्पतालों में पहुंचे हैं। अजय पाठक / मोनिका / 01 अप्रैल 2026/ 2.56