मप्र के कृषि मंत्री रहे विधायक सचिन यादव ने कहा- मप्र में तहस नहस किये गये सहकारी आंदोलन को करेंगें पुनर्जीवित सुभाष यादव के सपनों को करेंगें साकार - सत्यनारायण पटेल खरगोन (ईएमएस)। पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव ने अपने पिता पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के 80 वें जन्मदिवस पर अपने गृहग्राम बोरावां में श्रद्धांजलि सभा में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबूजी स्व. सुभाष यादव ने निमाड़ के खेतों में सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी पहुॅचाकर और सहकारी आंदोलन के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर और निमाड़ अंचल को समृद्धशाली बनाया है । उन्होनें आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार किसान विरोधी है । आज किसान अपनी उपज गेंहूॅ, चना, मक्का, सरसों और अन्य को समय पर समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं होने के कारण औने-पौने दाम पर बेचने पर मजबूर है । भाजपा के राज में किसानों को उनकी उपज का कभी भी सही दाम नहीं मिला । किसानां की उपज को खरीदी करने के समय भाजपा सरकार का रवैया हमेशा गोलमाल और किसान विरोधी रहता है । मैं और मेरा पूरा परिवार किसानों को उनका हक दिलाने और पर्याप्त समर्थन मूल्य दिलाने की लड़ाई लड़ते रहेंगें । इस अवसर पर मप्र के कृषि मंत्री रहे कसरावद के विधायक और स्व. सुभाष यादव के छोटे सुपुत्र सचिन यादव ने अपने पिताश्री का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि श्रद्धेय बाबूजी द्वारा मप्र में खड़े किये गये सहकारी आंदोलन को भाजपा की सरकार ने तहस नहस कर दिया है । उनके जन्मदिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि सहकारी आंदोलन को मप्र में पुनर्जीवित करेंगें । विशेष रूप से उपस्थित कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि सुभाष यादव ने किसानों की इस धरती को ज्ञान, विज्ञान अनुसंधान, और सहकारिता का देश में प्रमुख केन्द्र बनाया है । उनके किसानों की समृद्धि और विकास के योगदान को युगों तक याद किया जाएगा । सुभाष यादव को पुष्पांजलि देने के लिए बोरावॉ में उमड़ा जनसैलाब हरित क्रांति के अग्रदूत मप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के 80 वें जन्मदिवस पर उनके गृहग्राम बोरावां में आज बुधवार 01 अप्रैल को निमाड़ , मालवा और प्रदेशवासियों ने उन्हें विनम्र पुष्पांजलि अर्पित की । स्व. सुभाष यादव की धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव, ज्येष्ठ सुपुत्र पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव , छोटे सुपुत्र और मप्र के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद के विधायक सचिन यादव, उनके भाई राजेन्द्र यादव, हर्षवर्धन यादव, डॉ. नम्रता यादव, श्रीमती विनिता यादव सहित सभी परिजनों और विधायक केदार सिंह डाबर ने अपने पितृ पुरूष स्व. सुभाष यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की । इस अवसर पर मारूति रामायण मण्डल द्वारा भजन कीर्तन कर सुंदरकाण्ड का पाठ भी किया गया । स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि देश के वरिष्ठ किसान, सहकारी और कांग्रेस नेता रहे स्व. सुभाष यादव का प्रतिवर्ष 01 अप्रैल को जन्मदिन भक्ति दिवस के रूप में मनाया जाता है । इस दिन उनके सुपुत्रों अरूण यादव और सचिन यादव द्वारा अनेक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया जाता है । अरूण यादव और सचिन यादव ने प्रातः अपने निवास बोरावां में दादा-दादी स्व. गंगाराम यादव और स्व. श्रीमती गुलाबबाई यादव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया । इसके बाद उन्होनें जवाहरलाल नेहरू सहकारी शकर कारखाने में स्थापित स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की । भक्ति, संकल्प और प्रेरणा दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्व. सुभाष यादव की स्मृति में प्रकाशित किये गये वार्षिक केलेण्डरों का विमोचन भी अरूण यादव और सचिन यादव ने किया । बोरावॉ में स्व. सुभाष यादव द्वारा स्थापित सभी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा भी अपने पितृ पुरूष को पुष्पांजलि अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया । कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजा पटेरिया, खरगोन के लोकसभा प्रत्याशी नरेन्द्र पटेल, पोरलाल खरते, डॉ. गोविन्द मुजाल्दा, पूर्व विधायक पाचीलाल मेढ़ा, हमीद काजी, रविन्द्र महाजन, दीपू यादव, जगदीश यादव विदिशा, उमराव सिंह मौर्य, विक्रम मस्ताल सहित कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौजूद थे । .../ 2 अप्रैल /2026