भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश में बीजेपी कार्यालय में मंत्रियों के बैठने के समय और व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मध्यप्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशानुसार अब हर दिन एक या दो मंत्री भोपाल स्थित बीजेपी कार्यालय में बैठने और आम लोगों की समस्याएं सुनने का काम करने वाले है। इससे पहले मंत्रियों की बैठक दोपहर 3 बजे तक होती थी, लेकिन 1 अप्रैल से नई समय सारणी लागू होगी। अब मंत्री सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कार्यालय में रहने और जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करने वाले है। बीजेपी अध्यक्ष खंडेलवाल के मुताबिक मंत्रियों के अलावा प्रदेश के एक वरिष्ठ बीजेपी पदाधिकारी भी रोजाना बैठक में मौजूद रहने वाले है। यह कदम जनता को मंत्रियों और अधिकारियों के करीब लाने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से लिया गया है। भविष्य में यह व्यवस्था मंत्रालयों तक भी विस्तारित की जा सकती है, जहां मंत्रियों को उनके कक्ष में भी दो-दिन की बैठक करने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। अप्रैल माह के लिए मंत्रियों की बैठक की सूची जारी की गई हैं, 2 अप्रैल को कैलाश विजयवर्गीय और प्रतिमा बागरी, 3 अप्रैल को विजय शाह और नरेंद्र शिवाजी पटेल, 7 अप्रैल को राकेश सिंह और दिलीप अहिरवार, 8 अप्रैल को उदय प्रताप सिंह और दिलीप जायसवाल, 9 अप्रैल को करण सिंह वर्मा, 10 अप्रैल को संपत्तिया उइके, 13 अप्रैल को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और नारायण सिंह पंवार, 15 अप्रैल को प्रहलाद सिंह पटेल और निर्मला भूरिया, 16 अप्रैल को गोविंद सिंह राजपूत, 17 अप्रैल को नारायण सिंह कुशवाहा, 21 अप्रैल को एदल सिंह कंसाना, 22 अप्रैल को राकेश शुक्ला, 23 अप्रैल को चैतन्य कश्यप, 24 अप्रैल को इंदर सिंह परमार, 27 अप्रैल को नगर सिंह चौहान, 28 अप्रैल को प्रद्युम्न सिंह तोमर, 29 अप्रैल को धर्मेंद्र लोधी, और 30 अप्रैल को कृष्णा गौर बैठक करने वाली है। बैठकों के साथ ही छुट्टियों के दिन भी पहले से निर्धारित हैं। 4,6, 11 और 12 अप्रैल को शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर अवकाश रहेगा। 18 से 20 अप्रैल के बीच शनिवार, रविवार और परशुराम जयंती के दिन कार्यालय बंद रहेगा। वहीं, 25 और 26 अप्रैल को भी शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी। इस बदलाव से जनता को सुबह जल्दी ही मंत्रियों से मिलने का मौका मिलेगा और समस्याओं का समाधान तेज़ी से होगा। बीजेपी कार्यालय में अब सुबह 11 बजे से ही सभी मंत्री और पदाधिकारी आम लोगों के बीच उपलब्ध रहने वाले है। आशीष दुबे / 01 अप्रैल 2026