राज्य
01-Apr-2026


शिरडी, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के शिरडी हवाई अड्डे पर एक चार्टर्ड फ्लाइट अटेंडेंट और एयरपोर्ट पर सीएसआईएफ कर्मचारियों को टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनी के सुपरवाइजर की एक हादसे में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार शिरडी एयरपोर्ट पर चार्टर्ड फ्लाइट अटेंडेंट किरण बाविस्कर और एयरपोर्ट पर सीएसआईएफ कर्मचारियों को टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनी के सुपरवाइजर प्रशांत जगदाले, दोनों मंगलवार (31 मार्च) रात करीब 8.30 से 9 बजे ड्यूटी के बाद घर जा रहे थे, तभी राहाता तालुका के आडगांव में एक पिकअप ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत लोनी पुलिस को सूचित किया और एंबुलेंस बुलाई। दोनों को इलाज के लिए लोनी के प्रवरा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में गम का माहौल है और एयरपोर्ट स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने दुख जताया है। उधर लोनी पुलिस ने पिकअप ट्रक के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और ट्रक जब्त कर लिया। लोनी पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों से शिकायत मिलने के बाद इस मामले में आगे का केस दर्ज किया जाएगा। संतोष झा-०१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस