:: प्रदेश का पहला 165 फीट चौड़ा और 45 फीट ऊँचा द्वार, 18 गोत्रों के नाम के साथ दिखेगा महल जैसा स्वरूप :: इंदौर (ईएमएस)। नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल पर अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा निर्मित प्रदेश के पहले भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण गुरुवार, 2 अप्रैल को शाम 7:30 बजे होगा। बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं समाज के सहयोग से बने इस द्वार का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, समाजसेवी विनोद अग्रवाल, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और पार्षद मृदुल अग्रवाल भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। निर्माण समिति के गोविंद सिंघल और संजय बांकड़ा ने बताया कि 3 वर्षों की मेहनत के बाद यह द्वार तैयार हुआ है, जिसे यातायात बाधित किए बिना बनाया गया है। :: किले और महल जैसा दिखेगा स्वरूप :: 45 फीट ऊँचे और 165 फीट चौड़े इस विशाल प्रवेश द्वार को एक किले और महल की तरह डिजाइन किया गया है। द्वार पर महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों (18 गोत्रों) के नाम अंकित किए गए हैं। साथ ही उनके एक रुपया-एक ईंट के आदर्श सिद्धांत को प्रमुखता से उकेरा गया है। रात्रि के समय इसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए 145 रंगबिरंगे विद्युत पुंज (एलईडी लाइट्स) लगाए गए हैं। :: आरती थाली स्पर्धा और आतिशबाजी :: अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता और सचिव सौरभ गोयल ने बताया कि हनुमान जयंती के अवसर पर शाम 7 बजे महिलाओं के लिए आरती थाली सजाओ स्पर्धा होगी। रिमोट कंट्रोल के जरिए ठीक 7:30 बजे लोकार्पण के बाद भव्य आतिशबाजी की जाएगी। इस निर्माण में अतुल अग्रवाल, संदीप ऑटो, राजीव बांकड़ा सहित क्लब की पूरी कार्यकारिणी का विशेष सहयोग रहा। प्रकाश/01 अप्रैल 2026