* कांग्रेस में लगातार शामिल हो रहे युवा और नेता, “संविधान और लोकतंत्र बचाने की दूसरी लड़ाई” का आह्वान अहमदाबाद (ईएमएस)| राजीव गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देशभर की जनता गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। ऐसे में गुजरात के हित में सत्ता परिवर्तन आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सकारात्मक एजेंडा के साथ आगे बढ़ रही है और बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता तथा सामाजिक और गैर-राजनीतिक क्षेत्रों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने सभी नए शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि पार्टी में उनका सम्मान बनाए रखा जाएगा। कार्यक्रम में गुजरात एनसीपी के पूर्व युवा विंग अध्यक्ष जिग्नेश जोशी सहित सोशल मीडिया पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस का दामन थामा। वहीं, वडोदरा के वीएचपी अध्यक्ष राजेंद्र बारोट समेत कई कार्यकर्ता और नेता भी कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हुए। नए शामिल हुए नेताओं ने एक स्वर में कहा कि वे “दूध में शक्कर की तरह घुलकर” कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। अमित चावड़ा ने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र है, न कि तानाशाही। उन्होंने भाजपा शासन में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर चिंता जताई और कहा कि विभिन्न दलों से बड़ी संख्या में नेताओं के जुड़ने से कांग्रेस और मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी थी और अब समय “दूसरी आजादी की लड़ाई” का है, जो संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ी जा रही है। उन्होंने ‘जनाक्रोश यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरे गुजरात में इस यात्रा को व्यापक समर्थन मिला है। जनता के बीच जाकर संवाद करने से स्पष्ट हो गया है कि समाज के हर वर्ग और क्षेत्र के लोग वर्तमान शासन से असंतुष्ट हैं और अब खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश में बदलाव की उम्मीद के साथ बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। सतीश/01 अप्रैल