इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटनाक्रम के चलते उस समय अफरातफरी और भागदौड़ का माहौल बन गया जब एबी रोड स्थित सुयश अस्पताल का छज्जा अचानक से भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन घटना से आसपास बने मकानों के टीन शेड क्षतिग्रस्त हो मकानों में दरारे आ गई है। सूचना के बाद मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंची तथा स्थिति नियंत्रण में कर प्रभावित घरों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। मामले में बताया जा रहा है कि अचानक छज्जा ढहने का यह हादसा अस्पताल में किये जा रहे अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा गिरते ही तेज आवाज के साथ धूल ही धूल छा गयी। फिलहाल मलबे को हटाने का काम किया जा रहा हैं। आनंद पुरोहित/ 01 अप्रैल 2026