रायपुर (ईएमएस)। उरला क्षेत्र में प्रेम संबंध में विवाद को लेकर महिला की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी अमित सिसोदिया (पारधी) को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला अपने पूर्व पति को छोड़कर आरोपी के साथ रह रही थी। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी बेदराम साहू ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मार्च 2026 की शाम को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर के पीछे महिला का शव पड़ा मिला। शव पर सिर और चेहरे में पत्थर से चोट के निशान थे और खुर से सना पत्थर पास पड़ा था। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी की पतासाजी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला की टीम ने सीन ऑफ क्राइम टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ जांच कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी अमित सिसोदिया ने स्वीकार किया कि मृतक महिला उसकी प्रेमिका थी और चरित्र शंका के कारण आवेश में आकर उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त पत्थर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जब्त किया। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/01 अप्रैल 2026