क्षेत्रीय
01-Apr-2026


पीसीएस-2024 में सफल अभ्यर्थी साझा करेंगे सफलता के अनुभव, विद्यार्थियों को मिलेगा मार्गदर्शन अलीगढ़ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित पीसीएस परीक्षा-2024 में सफलता का परचम लहराने वाले मालवीय पुस्तकालय की निःशुल्क सिविल सर्विसेज मार्गदर्शिका से जुड़े प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं 03 अप्रैल, शुक्रवार को सायं 05 बजे मालवीय पुस्तकालय में एकत्रित होंगे। यह विशेष अवसर न केवल उनकी सफलता के उत्सव का प्रतीक होगा, बल्कि वर्तमान में तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का भी सशक्त मंच बनेगा। सफल अभ्यर्थी पहली बार एक साथ मिलकर अपनी उपलब्धियों की खुशियां साझा करेंगे और अपने संघर्ष, रणनीति और अनुभवों से अन्य विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्विसेज मार्गदर्शिका के संस्थापक एवं तत्कालीन उप जिलाधिकारी कोल, वर्तमान अपर जिलाधिकारी (वित्त) मथुरा डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि यह पहल युवाओं को सही दिशा देने और उनकी तैयारी को सशक्त बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफल अभ्यर्थियों का अनुभव नए अभ्यर्थियों के लिए मार्गदर्शक दीपक का कार्य करेगा। यह आयोजन प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और सफलता की नई ऊर्जा प्रदान करेगा। ईएमएस / 01/04/2026