--रैली को सदर विधायक अंजुला माहौर हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए हाथरस (ईएमएस)। जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष संचारी रोग एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली निकालकर किया गया। रैली को सदर विधायक अंजुला माहौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रैली में स्कूल के विद्यार्थी, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।अभियान के तहत विभिन्न विभाग मिलकर कार्य योजना के अनुसार जनजागरूकता फैलाएंगे। रैलियों, गोष्ठियों, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से मच्छरों से फैलने वाले रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।10 अप्रैल से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और बुखार, आईएलआई, टीबी, कुष्ठ रोग तथा कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी।नगर विकास और पंचायती राज विभाग द्वारा नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, जलभराव वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव और हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं आंगनबाड़ी विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान करेगा और पशुपालन विभाग भी साफ-सफाई के लिए सहयोग करेगा। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 01 अप्रैल 2026