:: नए वित्त वर्ष के पहले दिन उपभोक्ताओं पर बढ़ा बोझ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ हुई है। पशु आहार की बढ़ती लागत और गर्मी के कारण कम होते उत्पादन को देखते हुए मिल्क वेंडर्स फेडरेशन ने बुधवार से दूध के दाम 2 से 4 रूपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। यह नई दरें इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और देवास जैसे प्रमुख शहरों में तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। मिल्क वेंडर्स फेडरेशन के अध्यक्ष भारत मथुरावाला के अनुसार, कपास्या खली के दामों में रिकॉर्ड वृद्धि के कारण दूध उत्पादन की लागत बढ़ गई है, जिससे कीमतों में इजाफा करना अनिवार्य हो गया था। इस बढ़ोतरी से आम आदमी के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। प्रकाश/01 अप्रैल 2026