इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित अधिवक्ता फ्रेंड्स ग्रुप द्वारा ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर होटल सायाजी में एक भव्य और गरिमामय मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिवक्ताओं ने पर्व की खुशियाँ साझा कीं और समाज में आपसी सौहार्द व भाईचारे को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य रूप से मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला एवं न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों न्यायाधिपतियों ने अधिवक्ता समूह के बीच पहुँचकर उनकी इस पहल की सराहना की और सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी अधिवक्ताओं और सदस्यों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कानूनी बिरादरी के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि एकता और भाईचारे का एक सशक्त संदेश भी समाज तक पहुँचाते हैं। प्रकाश/01 अप्रैल 2026