:: एमपी ट्रांसको ने प्रदान किया प्रदेश स्तरीय क्विक रिस्पांस अवार्ड, जबलपुर मुख्यालय में हुआ सम्मान :: इन्दौर/सिवनी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में कार्यरत दिनेश कुमार सनोडिया ने बिजली सुधार कार्य में अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता और तत्परता का लोहा मनवाया है। ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की श्रेणी में उनके द्वारा किए गए त्वरित कार्य के लिए उन्हें प्रदेश स्तरीय “क्विक रिस्पांस अवार्ड” से नवाजा गया है। सिवनी में तैनात सनोडिया ने रेलवे की बाधित विद्युत आपूर्ति को रिकॉर्ड समय में बहाल कर एक मिसाल पेश की है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों 132 के.व्ही. सिवनी-भोमा रेलवे ट्रेक्शन लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर ब्रेकडाउन हो गया था। इसकी सूचना मिलते ही दिनेश कुमार मात्र 35 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुँच गए। उन्होंने तत्काल लाइन पेट्रोलिंग की और सस्पेंशन पोलिमर स्ट्रिंग (टॉप फेज) में फाल्ट को सफलतापूर्वक चिन्हित किया। :: 6 घंटे का काम मात्र 3 घंटे में किया पूरा :: सामान्य परिस्थितियों में इस तरह के बड़े फाल्ट को सुधारने में कम से कम 6 घंटे का समय लगता है, लेकिन दिनेश कुमार ने अपनी टीम के साथ मिलकर इसे मात्र 3 घंटे में पूर्ण कर दिया। उनकी इस तत्परता के कारण रेलवे की विद्युत आपूर्ति बहुत जल्द बहाल हो सकी और रेल यातायात में होने वाली बड़ी बाधा को टाला जा सका। :: जबलपुर में हुआ भव्य सम्मान :: प्रदेश की बिजली कंपनियों के मुख्यालय जबलपुर में आयोजित एक विशेष समारोह में एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता नीलकंठ गजानन टिकेकर ने सनोडिया को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके इस क्विक रिस्पांस की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया। प्रकाश/01 अप्रैल 2026