:: जून में इंदौर में सजेगा रोमांच का मैदान, 10 टीमों के बीच सिंधिया कप के लिए होगी खिताबी जंग :: इंदौर (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर शुरू हुई मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) के तीसरे संस्करण के लिए मंगलवार को खिलाड़ियों की ऐतिहासिक नीलामी संपन्न हुई। इंदौर में आयोजित इस ऑक्शन में विस्फोटक बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए 15 लाख रुपये की सबसे ऊंची कीमत हासिल की। आशुतोष को मालवा स्टैलियंस ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी टीम का हिस्सा बनाया। नीलामी में आशुतोष के अलावा अक्षत रघुवंशी को रीवा जगुआर ने 13.80 लाख, अनिकेत वर्मा को भोपाल लेपर्ड्स ने 13.20 लाख और शिवांग कुमार को बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा। इस दौरान कुल 244 खिलाड़ियों पर बोली लगाई गई। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने बताया कि यह पहली बार है जब एमपीएल में नीलामी के जरिए टीमों का चयन हुआ है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और उन्हें अपनी प्रतिभा का सही मूल्य मिला है। जून में इंदौर में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में इस बार कुल 10 टीमें मैदान में उतरेंगी, जिनमें तीन नई टीमें पदार्पण कर रही हैं। खिताबी मुकाबला जीतने वाली टीम को सिंधिया कप के साथ 50 लाख रुपये और उपविजेता को 25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वर्ष 2024 में ग्वालियर से शुरू हुई यह लीग अब प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच बन चुकी है। प्रकाश/01 अप्रैल 2026