धमतरी(ईएमएस)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम धमतरी ने तैयारी शुरू कर दी है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर के सभी वार्डों, प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है। सफाई विभाग के सभापति नीलेश लुनिया ने बताया कि गैंग सिस्टम के तहत टीमों का गठन किया गया है, जो सुबह से ही सड़कों, नालियों और कचरा संग्रहण का काम कर रही हैं। विशेष ध्यान उन जगहों पर दिया जा रहा है, जहां गंदगी अधिक होती है या नागरिकों की आवाजाही ज्यादा रहती है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खुले में कचरा न फेंकें और घरों से निकलने वाला कचरा नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियों को दें। स्वास्थ्य प्रभारी शशांक मिश्रा ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों जैसे डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए शहर में रोजाना फॉगिंग की जा रही है और सार्वजनिक स्थलों पर कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा शहर की सुंदरता बढ़ाने और स्वच्छता संदेश फैलाने के लिए वॉल पेंटिंग कराई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और सभी नागरिकों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से योगदान देना चाहिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026