क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की अवधि बढ़ने से किसानों में चिंता और आक्रोश फैल गया है। बिरगुड़ी, सेमरा, भड़सिवना, टांगापानी, कोगेंरा और बांसपानी के किसानों ने बेलरगांव स्थित बिजली कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि पहले बिजली कटौती लगभग 6 घंटे होती थी, लेकिन पिछले 4–5 दिनों से इसे बढ़ाकर 8 घंटे तक कर दिया गया है, जिससे खेतों में खड़ी फसल सूखने लगी है और संभावित नुकसान का खतरा है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप और किसान समिति अध्यक्ष पुनीत राम साहू के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने बिजली कटौती 3 घंटे तक सीमित करने और वोल्टेज बढ़ाने की मांग की, ताकि मोटर पंप आसानी से चल सकें और सिंचाई प्रभावित न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रवण ध्रुव, रघुनंदन पटेल, आनंद राम, लखन साहू, कमलेश कुंजाम, राजू मरकाम, प्रदीप साहू, ललेश साहू, परमानंद सहित अन्य किसान मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026