- कर्नलगंज में डीआईजी ने खुद संभाली कमान गुना (ईएमएस)। हनुमान जयंती जुलूस को लेकर इस बार पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पिछले वर्ष कर्नलगंज क्षेत्र में जुलूस के दौरान हुए पथराव और तनावपूर्ण हालातों से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी की गई है। इसी कड़ी में ग्वालियर रेंज के डीआईजी अमित सांघी खुद गुना पहुंचकर हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गुरुवार को डीआईजी ने एसपी हितिका वासल के साथ कर्नलगंज और शिवाजी नगर क्षेत्र में पैदल मार्च कर जुलूस मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने संकरी गलियों, ऊंची इमारतों और संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित किए। इससे पहले बुधवार रात को भी कर्नलगंज-शिवाजी नगर इलाके में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराया था। प्रशासन का साफ संदेश है कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले साल जुलूस के दौरान हुई घटना के बाद जिले में कई दिनों तक तनाव का माहौल बना रहा था, जिसका असर प्रशासनिक स्तर पर भी देखने को मिला था। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस ने पहले से ही सख्त रणनीति तैयार की है। जुलूस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। एसपी हितिका वासल ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकियां स्थापित की जा रही हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से जहां आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, वहीं शरारती तत्वों को सख्त चेतावनी भी मिल गई है।।-सीताराम नाटानी