राज्य
02-Apr-2026


पुणे, (ईएमएस)। पुणे में लगातार चौथे दिन भी तेज बारिश का सिलसिला जारी है। शहर और जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पुणे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। अचानक हुई इस बारिश ने पुणेकरों को काफी परेशान कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक हो रही बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई सड़कों ने नदी का रूप ले लिया है। उत्तमनगर इलाके में भारी बारिश के चलते कई कार और ऑटो पानी में डूब गए हैं। वहीं कोंढवा बुद्रुक क्षेत्र की सड़कें तालाब जैसी दिखने लगी हैं, जहां वाहन फंस गए हैं। शहर के बालगंधर्व रंगमंदिर और जंगली महाराज रोड जैसे प्रमुख इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात पर गंभीर असर पड़ा है। कई जगहों पर लंबा जाम लग गया है। पुणे जिले के खेड, आंबेगांव, जुन्नर और शिरूर तालुकों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। दोपहर के बाद अचानक मौसम बदलने से हालात और बिगड़ गए हैं। कई जगहों पर पेड़ों की डालियां गिरने और वाहनों के बहने की घटनाएं भी सामने आई हैं। सिंहगड रोड, धनकवड़ी, कात्रप, हडपसर, लोहगांव, खराड़ी, पिंपरी-चिंचवड़, औंध, बाणेर और बालेवाड़ी जैसे इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है। इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बारिश के दौरान लोग सड़कों के किनारे पेड़ों के नीचे रुकते नजर आए, लेकिन प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति पेड़ों के नीचे खड़ा न हो, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। गौरतलब है कि सोमवार से ही पुणे में हर दिन दोपहर बाद तेज बारिश हो रही है। दिन में गर्मी और बाद में बारिश के इस बदलते मौसम ने लोगों को ऐसा महसूस करा दिया है मानो मानसून समय से पहले ही आ गया हो। ‎जतिन/संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस