* सड़क निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही का आरोप, 10 घंटे तक बच्चों के शव के पास बैठी रही मां मेहसाणा (ईएमएस)| गुजरात के महेसाणा जिले के कड़ी तालुका स्थित कल्याणपुरा रोड पर गुरुवार को एक अत्यंत दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया। शिवशक्ति जिनिंग के सामने चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान यह दुर्घटना हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण में लगे श्रमिकों के परिवारजन पास ही रह रहे थे। उनके दो छोटे बच्चे सड़क किनारे सो रहे थे। इसी दौरान कार्य में लगी जेसीबी मशीन अचानक बच्चों के ऊपर से गुजर गई, जिससे दोनों मासूमों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। बच्चों की मां पिछले 10 घंटों तक उनके शव के पास बैठी रही, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही कड़ी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते यह भयावह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है। सतीश/02 अप्रैल