नरसिंहपुर (ईएमएस)।. नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में विद्यार्थियों को पुस्तकों, स्टेशनरी, यूनिफार्म एवं शूज जैसी आवश्यक सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 अप्रैल को शासकीय नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर में पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में डाइट नरसिंहपुर में पुस्तक विक्रेताओं एवं अशासकीय विद्यालय के संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने बताया कि किसी भी विद्यालय द्वारा पालकों को किसी विशेष दुकान से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। इसके लिए जिला स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री ओपी राय ने शासन के निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी और पुस्तक मेले के सफल आयोजन पर चर्चा की। आयोजक समिति की ओर से तहसीलदार नरसिंहपुर श्री अमित कुमार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश शर्मा, प्राचार्य प्रीति नेमा एवं बीआरसी श्री ओपी राय ने सभी अशासकीय विद्यालय संचालकों से अपील की है कि वे पुस्तक मेले का व्यापक प्रचार- प्रसार करना सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों इस मेले का लाभ ले सकें। बैठक में अशासकीय विद्यालयों के संचालक एवं पुस्तक विक्रेता मौजूद थे। ईएमएस/ राहुल वासनिक/ 02 अप्रैल 2026