राज्य
02-Apr-2026
...


:: 116वीं जयंती पर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल; देशभर के समाजवादी दिग्गजों का लगा जमावड़ा :: इंदौर (ईएमएस)। समाजवादी विचारधारा को धरातल पर उतारने और ग्रामीण युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए इंदौर के वरिष्ठ सपा नेता रामबाबू अग्रवाल ने झारखंड के जमशेदपुर में डॉ. लोहिया कौशल केंद्र की आधारशिला रखी। महान समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के पावन अवसर पर जमशेदपुर जिले की माटीहाना ग्राम पंचायत के ग्राम मोजा में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर झारखंड के श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव सहित समाजवादी आंदोलन से जुड़ी देश की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में लोहिया विचार मंच हैदराबाद के अध्यक्ष टी. गोपाल सिंह, लोहिया रिसर्च फाउंडेशन दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह और लोक बंधु राजनारायण ट्रस्ट लखनऊ के संस्थापक अध्यक्ष शाहनवाज कादरी ने विशेष रूप से शिरकत की। शिलान्यास समारोह में पूर्व मंत्री दिनेश कुमार षडंगी, विधायक समीर महंती, पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी, डॉ. बिनी षडंगी और पूर्व विधायक कुणाल षडंगी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने डॉ. लोहिया के विचारों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ नेता रामबाबू अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. लोहिया हमेशा युवाओं के स्वावलंबन और कौशल विकास के पक्षधर थे। इस केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। समाजवादी विचारक गोविंद अग्रवाल एवं अन्य वक्ताओं ने भी केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। शिलान्यास के दौरान उपस्थित अतिथियों ने डॉ. लोहिया के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। प्रकाश/2 अप्रैल 2025 संलग्न चित्र: झारखंड के जमशेदपुर जिले के माटीहाना ग्राम पंचायत के तहत ग्राम मोजा में समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की स्मृति में डॉ. लोहिया कौशल केंद्र का शिलान्यास करते रामबाबू अग्रवाल एवं अन्य अतिथि।